मिलावटी खाद्य पदार्थों पर छापेमारी कर चलाया जागरूकता अभियान
दीपक गुप्ता के साथ हरिओम प्रजापति की रिपोर्ट
उरई जालौन। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ और जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार, जालौन जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम और सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अभिहित अधिकारी डॉ. जतिन कुमार सिंह ने किया। टीम ने जिले की सभी तहसीलों में छापेमारी करते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों से दूध, पनीर, बेसन, मैदा, धनिया पाउडर, पेठा, नूडल्स, घी और पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के नमूने लिए। झांसी-कानपुर हाईवे स्थित ढाबों, उरई नगर पालिका क्षेत्र, स्टेशन रोड, कुईया रोड और राठ रोड पर कार्रवाई की गई। महत्वपूर्ण रूप से, पालीवाल डेयरी, हनी ट्रेडर्स, और अन्य प्रतिष्ठानों से मिश्रित दूध व दूषित खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। ये नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए हैं, और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, फूड सेफ्टी वैन (एफएसडब्ल्यू) के माध्यम से जालौन तहसील में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 68 खाद्य कारोबारकर्ता और आम नागरिकों ने भाग लिया। लोगों को मिलावटी खाद्य पदार्थों की पहचान के तरीके और स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। अभियान का उद्देश्य जनमानस को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने का आश्वासन दिया और कारोबारियों से सहयोग की अपील की।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें