सनातन संस्कृति को बदनाम करने में लगे हैं दूसरे संप्रदायों के लोग-शांति स्वरूपानंद
कोंच से पी. डी. रिछारिया वरिष्ठ पत्रकार
कोंच। समीपस्थ ग्राम नरी में चल रहे 11 कुंडीय श्री बिष्णु महायज्ञ में पधारे चार धाम उज्जैन के प्रख्यात संत महामंडलेश्वर स्वामी शांति स्वरूपानंद गिरी जी महाराज ने कहा है कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाना और अपनी संस्कृति से अवगत कराना होता है। यज्ञ और हवन से वातावरण शुद्ध होता है और नकारात्मक ऊर्जा हटाने में मदद मिलती है। यह बात उन्होंने नरी गांव में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़ने पर समाज में हो रहे नैतिक पतन को रोकने में भी मदद मिलेगी। समाज के धर्म से विलग हो जाने और युवाओं के पाश्चात्य संस्कृति की ओर हुए रुझान की भारी कीमत हमारे समाज को चुकानी पड़ रही है। युवा भोगवादी संस्कृति का गुलाम होता जा रहा है जिसके कारण पारिवारिक और सामाजिक मूल्यों में ह्रास देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा, लोगों को धार्मिक आयोजनों अस्तु यज्ञादि में बढ़चढ़ कर सहयोग करना चाहिए। इससे सामाजिक समरसता बढ़ती है और समाज के सभी वर्गों को एकसूत्र में पिरोने में मदद मिलती है। आज दूसरे संप्रदायों के लोग सनातन संस्कृति को बदनाम करने और लोगों को इससे विलग करने के लिए षड्यंत्र पूर्वक मुहिम चला रहे हैं। ऐसे लोगों को तभी सही जबाव दिया जा सकता है जब हम अपने धर्म को जानेंगे और अपने बच्चों को अपनी सांस्कृतिक विरासत का ज्ञान कराएंगे। यज्ञादि भवत पर्जन्या:, अर्थात यज्ञ होते रहने चाहिए इससे प्रकृति का संतुलन भी बना रहता है और वातावरण की अशुद्धियां दूर होती हैं।
इंसेट में-
'जघन्य कृत्य करने वालों को सजा देने के मामले में ठीक काम कर रही है योगी सरकार'
कोंच। श्रद्धा मर्डर केस को लेकर पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने इसकी उन्होंने कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि अपराधियों को दंड देने के मामले में यूपी की योगी सरकार बढ़िया काम कर रही है। उन्होंने श्रद्धा मर्डर मामले में कहा कि ऐसे जघन्य अपराध करने वाले क्रूर लोगों को सरेआम फांसी की सजा दी जानी चाहिए ताकि औरों को भी सबक मिल सके कि ऐसे कृत्य करने का अंजाम क्या होता है। उन्होंने न्याय व्यवस्था पर भी सवाल उठाए, कहा कि न्याय मिलने में बहुत देरी होती है और अपराधियों को बेमतलब खिलाना पिलाना पड़ता है। ऐसे निकृष्ट अपराधियों के लिए योगी सरकार ठीक काम कर रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें