शिवरात्रि को लेकर तैयारियां जारी, अलंकृत किए गए शिवालय
कोंच से
पी. डी. रिछारिया वरिष्ठ पत्रकार
कोंच। 1 मार्च मंगलवार को महा शिवरात्रि पर्व को लेकर यहां नगर व आसपास के इलाकों के शिवालयों और शिव मंदिरों में पर्व की धूम साफ देखी जा सकती है। मंदिरों को बड़ी सुघड़ता के साथ अलंकृत किया जा रहा है, इसके अलावा अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी संपादित किए जाएंगे।
गांधीनगर में स्थित अति प्राचीन महाकालेश्वर मंदिर में बिजली की झालरों की नयनाभिराम सज्जा की गई है, इस मंदिर में बारहों मास सैकड़ों भक्त नित्य प्रति दर्शनार्थ आते हैं और त्यौहारों पर इसकी छटा देखते ही बनती है। मंदिर के गर्भ ग्रह में विराजमान आशुतोष भोलेनाथ, मां दुर्गा, महाबिष्णु, लंबोदर गणेश, भगवान विवस्वान और नंदी के अलावा आंजनेय हनुमान की प्रतिष्ठित प्रतिमाओं को भी सजाया गया है। चंदकुआ स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर, बक्सेश्वर, सिद्घेश्वर, पीपलेश्वर, मारकंडेयश्वर, सोमनाथ महादेव आदि मंदिरों को भी सजाया संवारा जा रहा है। पुरानी तहसील में दूधाधारी महादेव पर पिछले कई महीनों से शिवरात्रि की तैयारियां चल रही हैं, पूरे मंदिर का सुंदरीकरण कराया गया है। आस पास के भक्त शिवरात्रि की तैयारियों में जोरों जोरों से लगे हैं। यहां अखंड रामायण पाठ का भी आयोजन किया जा रहा है। नई तहसील कार्यालय के पीछे बने भोलेनाथ के मंदिर पर पुताई और मूर्ति अलंकरण का कार्य कलाकारों द्वारा किया जा रहा है। मंगलवार इन मंदिरों और शिवालयों में धार्मिक अनुष्ठान भी संपादित किए जाएंगे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें